पलपल इंडिया प्रतिनिधि। राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपियों को जब मेघालय पुलिस लेकर जा रही थी, तब एक आरोपी को एयरपोर्ट पर ही आक्रोशित पैसेंजर ने थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राजा रघुवंशी के हत्याकांड को लेकर आक्रोश जताते हुए एक यात्री ने इस बहुचर्चित वारदात के एक आरोपी को इंदौर एयरपोर्ट पर मंगलवार रात अचानक थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना तब हुई, जब मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी हत्याकांड के चार आरोपियों को अपने साथ लेकर एयरपोर्ट में दाखिल हो रही थी। अपना सामान लेकर खड़े एक यात्री ने जब आरोपियों को पास से गुजरते देखा, तो उसने राजा रघुवंशी हत्याकांड पर आक्रोश जताते हुए एक आरोपी को अचानक थप्पड़ जड़ दिया। चूंकि चारों आरोपियों को नकाब पहनाकर एयरपोर्ट पर ले जाया जा रहा था, इसलिए तुरंत पता नहीं चल सका है कि यात्री ने इनमें से किसे थप्पड़ मारा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
थप्पड़ मारने के बाद शख्स ने कहा कि उसे गुस्सा था इस वजह से उसने आरोपी को थप्पड़ मारा, इन्हें फांसी होनी चाहिए। यात्री सुशील लखवानी ने कहा, मैं इस बात से नाराज हूं कि हमारे इंदौर के बच्चे की हत्या कर दी गई है। इस लड़की ने पूरी प्लानिंग के साथ उसकी हत्या की है। आरोपियों को फांसी पर लटका देना चाहिए।”
इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मेघालय पुलिस का 12 सदस्यीय दल राजा रघुवंशी हत्याकांड के चार आरोपियों-राज कुशवाह, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को ट्रांजिट हिरासत में अपने साथ लेकर शिलॉन्ग के लिए रवाना हुआ।
इस बीच, मीडिया की खबरों में यह बात सामने आई है कि मेघालय में 23 मई को राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उसकी पत्नी सोनम इंदौर आई थी। मध्य प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बताया,‘‘हमें सोनम के मेघालय से इंदौर आकर 25 से 27 मई के बीच शहर के देवास नाका क्षेत्र में किराये के एक फ्लैट में रहने की सूचना मिली है। हालांकि, इस बारे में डिटेल जानकारी मेघालय पुलिस दे सकेगी।’’
मेघालय पुलिस का एक दल आरोपियों में शामिल विशाल चौहान को लेकर यहां उसके घर पहुंचा। इंदौर के एसीपी पूनमचंद्र यादव ने बताया कि चौहान की निशानदेही पर उसके घर से वे पेंट-शर्ट जब्त किए गए हैं जो उसने मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या के वक्त पहने थे। यादव ने बताया, ‘‘मेघालय पुलिस इन कपड़ों को अपराध विज्ञान प्रयोगशाला भेजेगी ताकि पता चल सके कि इन पर मृतक के खून के निशान हैं या नहीं।’’