बेंगलुरु. बेंगलुरु के हुलीमावु के डोड्डाकम्मनहल्ली इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर दिया और फरार हो गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय गौरी अनिल साम्ब्रेकर के रूप में हुई, जिसे उसके पति राकेश राजेंद्र खेडेकर (36) ने बेरहमी से मार डाला। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
घटना का खुलासा ऐसे हुआ- पुलिस के अनुसार, गौरी और राकेश मुंबई से बेंगलुरु शिफ्ट हुए थे, हालांकि उनकी सही आने की तारीख का पता नहीं चल सका है। गौरी मास मीडिया ग्रैजुएट थी और नौकरी की तलाश में थी, जबकि राकेश एक सॉफ्टवेयर कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करता था।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे, राकेश ने अपने मकान मालिक को फोन कर बताया कि उसने बुधवार रात अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और बेंगलुरु छोड़ चुका है। उसने मकान मालिक से अनुरोध किया कि वह पुलिस और गौरी के परिवारवालों को सूचना दे, ताकि अंतिम संस्कार हो सके।
सूटकेस से मिला शव- मकान मालिक तुरंत घर पहुंचा, लेकिन देखा कि दरवाजा बाहर से बंद था। उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। हुलीमावु पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां एक सूटकेस में गौरी का शव बरामद हुआ।
हत्या के बाद राकेश अपनी गाड़ी से महाराष्ट्र की ओर भाग रहा था। पुलिस को जब पता चला कि उसका मोबाइल फोन ऑन है, तो डीसीपी (साउथईस्ट) सारा फातिमा ने महाराष्ट्र पुलिस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे पुणे के पास से गिरफ्तार कर लिया।