पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जिले के जैसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कौवासरई निवासी सूरज यादव की सोमवार को सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव कई किलोमीटर दूर पत्थरों में फंसा मिला। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे वह नदी में डूब गया। जानकारी मुताबिक़ सूरज यादव ग्राम निगाही स्थित सोन नदी के घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर जैसिंहनगर पुलिस और एसडीआरईएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जिला प्रशासन ने वर्षा के मौसम में नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने पर सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से गहरे पानी में न उतरने और नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।