हार्ट अटैक का नाटक करके फरार हुई अपनी शादी से दुल्हन,सामने आई चौंकाने वाली बात

By: PalPal India News
February 19, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में दुल्हन ने पहले रचाया नाटक फिर अपनी शादी के दिन फरार हो गई और उसने हार्ट अटैक का बहाना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया। यूपी के मुजफ्फरनगर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के दिन हार्ट अटैक से मौत का नाटक कर एक दुल्हन फरार हो गई, जिसे पुलिस ने झांसी के पास एक आश्रम से गिरफ्तार कर लिया। मुजफ्फरनगर पुलिस अब युवती से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। बताया जाता है कि दुल्हन अपनी महिला मित्र के साथ फरार हुई थी।

क्या है पूरा मामला?

नई मंडी थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी डॉक्टर भारत भूषण के पुत्र विजय भूषण की शादी झांसी निवासी सुषमा शर्मा के साथ तय हुई थी। शादी का समारोह मुजफ्फरनगर के नाथ फॉर्म में आयोजित किया गया था। शादी से ठीक पहले, दुल्हन सुषमा के ब्यूटी पार्लर में हार्ट फेल होने से मौत की खबर आग की तरफ फैल गई। इसके बाद शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया।

इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस ने दुल्हन सुषमा को झांसी के पास एक आश्रम से बरामद कर लिया। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दुल्हन ने हार्ट अटैक का नाटक कर अपनी सहेली के साथ फरार होने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था और फरारी के पीछे असली वजह क्या थी। इस सनसनीखेज मामले से पूरे शहर में चर्चाओं का दौर जारी है, और पुलिस जल्द ही पूरे रहस्य से पर्दा उठाने की तैयारी में है। मुजफ्फरनगर पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा दुल्हन के अपहरण होने की तहरीर पुलिस को दी गई थी, जिस पर पुलिस ने दुल्हन सुषमा को बरामद कर लिया है और पूछताछ के बाद पुलिस दुल्हन सुषमा को बयान दर्ज करने के लिए कोर्ट में पेश करेगी।

इस घटना की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी रुपाली राव ने बताया कि 18 फरवरी को थाना नई मंडी में एक दुल्हन के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इसमें 2 डेडीकेटेड टीम लगाई गईं और पुलिस द्वारा उस महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया। आज न्यायालय में उसका बयान कराया जा रहा है। बयान के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अफवाह के बारे में पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *