पलपल इंडिया प्रतिनिधि। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बोलेरो गाड़ी ने पहले एक महिला को टक्कर मारी, फिर सोन नदी में छलांग लगा दी. घटना में महिला और गाड़ी के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के कोटमीकला सोननदी के पुल पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें एक महिला और बोलेरो चालक की मौत हो गई। वहीँ इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर है।
जानकारी अनुसार बोलेरो सवार 9 लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर जा रहे थे। हादसा पेंड्रा और कोटमी के बीच सोन नदी के पुल पर हुआ, जब बोलेरो ने नदी में फूल विसर्जन कर रही महिला को जोरदार टक्कर मारी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोलेरो में बीजेपी कार्यकर्ता सवार थे। वे मनेंद्रगढ़ जिले के ताराबहरा से बिलासपुर जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी सोन नदी के पुल पर पहुंची, पेंड्रा के पंडरीखार गांव की रहने वाली रमिताबाई पुल पर खड़ी होकर फूल विसर्जन कर रही थी। अचानक बोलेरो ने महिला को टक्कर मारी और गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में महिला रमिताबाई और बोलेरो चालक बाबूराम चौधरी की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद 8 लोग घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर है। गंभीर घायलों को इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज गौरेला जिला अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।