पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मानसूनी बारिश का कहर पूरे देश में जारी है यहाँ प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बंडा थाना क्षेत्र के बरायठा में एक कार उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई। इस कार में तीन लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
यह घटना खैरवाहा के रिपटा नाले पर हुई। कार में सवार तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और अपने घर मड़ावरा जा रहे थे। उन्होंने नाले के ऊपर से बह रहे पानी के तेज बहाव के बावजूद कार निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज़ था कि कार नियंत्रण खोकर बह गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। तीनों युवकों ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव का खतरा भी बताया गया है, जिनमें नरसिंहपुर, विदिशा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रतलाम, इंदौर, धार, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, छतरपुर, गुना, शिवपुरी, सागर, हरदा और दमोह शामिल हैं।