केयरटेकर ने मालिक की डांट से परेशान हो मालिक की कर दी हत्या

By: PalPal India News
March 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,ओडिशा। ओडिशा में एक केयरटेकर ने अपने ही मालिक की हत्या कर दी। मालिक की डांट से परेशान हो केयरटेकर ने बदला लेने के लिए दिया घटना को अंजाम।

ओड़िशा के ढेंकानाल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 साल के केयरटेकर दीपक बिश्वाल ने अपने 73 वर्षीय मालिक गिरीश कुमार राउत की हत्या कर दी। पूरी घटना ढेंकानाल जिले के रामेश्वरपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग मालिक गिरीश कुमार राउत अक्सर अपने केयरटेकर दीपक पर गुस्सा करते और उसे डांटते रहते थे। दीपक लंबे समय से उनके दुर्व्यवहार से परेशान था। 28 फरवरी की रात करीब 8 बजे, जब घर में कोई नहीं था, तब मौके का फायदा उठाते हुए दीपक ने गिरीश कुमार का गला कपड़े से दबाकर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस को सुनाई झूठी कहानी

वहीं हत्या के बाद, दीपक ने पहले यह कहानी बनाई कि मालिक खटिए से गिरकर बेहोश हो गए थे। हालांकि जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह घबरा गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामले में जानकारी देते हुए ढेंकानाल एसपी अभिनव सोनकर ने कहा, “ढेंकानाल टाऊन थाने में एक मामला दर्ज हुआ है। आरोपी पर बीएनएस की धारा 103(1) लगाई गई है। घटना होने के बाद हमारे अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। हमने मामले की जांच शुरू कर दी। हमने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम में पता चला कि गले पर निशान हैं, जिससे उनकी गला दबाकर हत्या करने की आशंका जाहिर हुई।”

पूछताछ में कबूल किया गुनाह

एसपी अभिनव सोनकर ने कहा, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूछताछ करने पर पता चला केयरटेकर दीपक बिस्वाल इस घटना में संलिप्त था। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उसके बाद हमने जांच आगे बढ़ाई। हमने दीपक को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया है। केयरटेकर दीपक और घर के मालिक गिरीश के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी, जिससे दीपक मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी गुस्से में उसने मौका पाकर मालिक की हत्या कर दी।” फिलहाल ढेंकानाल पुलिस ने केयरटेकर दीपक बिस्वाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *