रानीताल स्टेडियम में होगा सामूहिक योग का जिले का मुख्य कार्यक्रम

By: PalPal India News
June 20, 2025

जबलपुर। ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को आयोजित किये जाने वाले सामूहिक योग के जिले के मुख्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आदेश जारी कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग का जिले का मुख्य कार्यक्रम रानीताल स्थित खेल मैदान में 21 जून की सुबह 6 बजे से सुबह 7.45 बजे तक किया जायेगा। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।

कलेक्टर श्री सक्सेना ने जारी आदेश में अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियों पूरी करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही बारिश के मौसम को देखते हुये भी आयोजन स्थल पर जरूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने भी कहा है।

कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सेनिटाइजेशन, फायर ब्रिगेड, गद्दों एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रीति यादव को सौपी है। इस कार्य में उनके सहयोग के लिये अनुविभागीय राजस्व अधिकारी आधारताल पंकज मिश्रा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शिवेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, जिला खेल अधिकारी आशीष पांडे एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ अर्चना मरावी को तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। जबकि आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *