अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

By: PalPal India News
July 2, 2025

जम्मू। अमरनाथ यात्रा 2025 का शुभारंभ 3 जुलाई से होना तय है, लेकिन इससे एक दिन पहले यानी 2 जुलाई को श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हो गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर स्थित आधार शिविर से इस पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।

यह जत्था दो प्रमुख मार्गों — बलटाल और पहलगाम — के जरिए पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर बढ़ेगा, जहां श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा की अवधि 38 दिन तय की गई है, जो 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी।

जत्थे को रवाना करने से पहले उपराज्यपाल सिन्हा ने भगवती नगर यात्री निवास में पूजा-अर्चना कर बाबा बर्फानी से देशवासियों के लिए शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं। इस वर्ष अब तक 3.31 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि पिछले दो दिनों में 4,000 टोकन वितरित किए जा चुके हैं।

अमरनाथ यात्रा के इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जैसे ही पहला जत्था रवाना हुआ, वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के नारों से गूंज उठा, जो आगामी 38 दिनों तक घाटी में गूंजता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *