अंधेरे में प्रेमिका के घर की दूसरी मंजिल पर चढ़ रहे प्रेमी की प्रेमिका के पिता ने गोली मारकर की हत्या

By: PalPal India News
April 29, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिअंधेरे में प्रेमिका के घर की दूसरी मंजिल पर चढ़ रहे प्रेमी की प्रेमिका के पिता ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी है।

मामला उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ा हेलू गांव में प्रेम संबंधों के चलते सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप प्रेमिका के पिता पर है, जिसे पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है और पूरा गांव सन्नाटे में डूबा हुआ है।

प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र का निवासी 18 वर्षीय लवकुश पाल पिछले कुछ समय से अपने बहनोई गीतेंद्र पाल के घर खेड़ा हेलू गांव में रह रहा था। वहीं गांव के ही अनिल यादव की बेटी राखी से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब पौने 11 बजे लवकुश, राखी से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा। रात के अंधेरे में जब लवकुश अनिल यादव के घर की दूसरी मंजिल पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी अनिल यादव ने उसे देख लिया। पहले से सतर्क अनिल ने बिना देर किए लाइसेंसी हथियार से गोली चला दी, जो सीधे लवकुश को लगी। गोली लगते ही लवकुश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को किया गिरफ्तार

गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर चौबिया थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या के आरोपी अनिल यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। अनिल यादव के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *