शिशु के रोने पर उसका गला घोंट दिया, लिव-इन कपल की खौफनाक करतूत

By: PalPal India News
June 30, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिलिव-इन में रह रहे कपल ने एक ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। युवती ने स्वीकार किया कि उसने नवजात शिशु के रोने पर उसका गला घोंट दिया और शव दफनाने के लिए अपने पार्टनर को दे दिया।

केरल के त्रिशूर जिले में पुलिस ने रविवार को 23 वर्षीय एक अविवाहित महिला को अपने दो नवजात शिशुओं की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला अनीषा के 25 वर्षीय पुरुष साथी बाविन को भी गिरफ्तार कर लिया, जो दो बेटों का पिता था। पुलिस ने बताया कि जोड़े की शादी नहीं हुई थी और दोनों को रविवार को हिरासत में ले लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

यह चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब बाविन एक बैग लेकर पुडुक्कड़ पुलिस थाने पहुंचा और दावा किया कि उसमें दो शिशुओं के कंकाल हैं। पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12.30 बजे जब बाविन थाने पहुंचा तब वह नशे की हालत में था। उसने बताया कि अलग-अलग घटनाओं में शिशुओं की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही महिला को हिरासत में ले लिया।

दफनाने के 8 महीने बाद अवशेषों को खोदकर निकाला

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि पहले बच्चे के जन्म के दौरान गर्भनाल उसके गले में लिपट जाने के कारण स्वाभाविक रूप से उसकी मृत्यु हो गई थी। ऐसा माना जाता है कि बच्चे का जन्म 2022 में हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक महिला ने बाद में स्वीकार किया कि जन्म के तुरंत बाद ही बच्चे का गला घोंट दिया गया और शव को घर के पास एक प्लॉट में दफना दिया था। पुलिस के मुताबिक 8 महीने बाद महिला नेअवशेषों को खोदकर निकाला और उन्हें अनुष्ठान के लिए बाविन को सौंप दिया। बाविन गर्भ में पल रहे बच्चे को आवश्यक उपचार और देखभाल प्रदान करने में विफल रहा तथा हत्या की बात छिपाई। पुलिस ने इसलिए उसे मामले में सह-अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने बताया कि अनीषा ने 2024 में अपने रिश्ते से पैदा हुए दूसरे बच्चे की हत्या करने की बात भी कबूल कर ली है। महिला ने स्वीकार किया कि उसने नवजात शिशु के रोने पर उसका गला घोंट दिया और शव दफनाने के लिए बाविन को दे दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में पुष्टि हुई है कि ये अवशेष दो शिशुओं के हैं।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

अनीषा और बाविन 2020 में फेसबुक के जरिये एक दूसरे के संपर्क में आए और इसके तुरंत बाद उनके बीच संबंध बन गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला के परिवार को उसके गर्भवती होने और प्रसव की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, यह मामला कपल के बीच तनाव के बाद सामने आया। बाविन को शक था कि महिला किसी और से विवाह कर सकती है, तथा उसके पास मिले दूसरे मोबाइल फोन को लेकर वह चिंतित था। इसके बाद बाविन ने बच्चों के अवशेषों के साथ पुलिस से संपर्क किया और मामला खुला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *