पलपल इंडिया प्रतिनिधि। स्कूली बच्चों को प्रतिस्पर्धी और न्यूनतम दरों पर पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और गणवेश उपलब्ध कराने गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित किये जा रहे पुस्तक मेला बच्चों और उनके अभिभावकों को एक स्थान पर सभी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा रहा है, वहीं यहाँ रोज शाम प्रस्तुत किये जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम बाल कलाकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ मेले को भव्यता भी प्रदान कर रहे हैं। कलेक्टर दीपक सक्सेना की पहल पर लगाया गया बारह दिनों का यह पुस्तक मेला एवं गणवेश मेला 5 अप्रैल तक जारी रहेगा। रविवार और शनिवार को यह मेला दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तथा शेष दिनों में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।
स्कूली बच्चों और अभिभावकों को निजी स्कूलों तथा प्रकाशकों एवं बुक सेलर्स की साठ-गांठ से राहत दिलाने जबलपुर में लगातार दूसरे वर्ष पुस्तक मेला का आयोजन किया जा रहा है। पिछले वर्ष प्रदेश में सबसे पहले जबलपुर में ही पुस्तक मेला लगाया गया था। अपने उद्देश्यों में सफल रहे इस मेले की प्रदेश और देश में काफी चर्चा हुई थी तथा राज्य शासन ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर जबलपुर की तर्ज पर अपने जिलों में भी पुस्तक मेला का आयोजन करने के निर्देश दिये थे।
जबलपुर में इस वर्ष पुस्तक और गणवेश मेला नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के पहले लगाया है। इसलिये स्कूली बच्चे एवं अभिभावक पाठ्यक्रम की पुस्तकें और गणवेश सहित सभी जरूरी शैक्षणिक सामग्री खरीदने बड़ी संख्या में यहाँ पहुँच रहे हैं। इस बार के पुस्तक मेला में पुरानी किताबों के आदान-प्रदान के लिये एक अलग स्टॉल लगाया गया है। बुक बैंक के नाम से लगाया गया यह स्टॉल मेले का आकर्षण बना हुआ है। जहाँ बच्चे पिछली कक्षा की किताबें सौंप सकते हैं तथा जिन्हें जरूरत है उनसे दान के रूप में नाम मात्र की राशि लेकर ये किताबें उन्हें उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुरानी किताबों की ली गई यह राशि भी रेडक्रॉस सोसायटी के खाते में जमा की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों की मदद के काम यह आ सके।
पुस्तक एवं गणवेश मेला की शुरुआत 25 मार्च को हुई थी और लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने इसका शुभारंभ किया था। मेला का आज गुरुवार को तीसरा दिन था। पहले दो दिनों की अपेक्षा आज बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ मेला स्थल पहुँचे। उन्होंने न केवल डिस्काउंट पर उपलब्ध किताबें, कापियां एवं यूनिफार्म खरीदी, बल्कि देर तक रुक कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ भी उठाया। बच्चों और अभिभावकों ने मेला स्थल पर लगाये गये फूड जोन में स्वादिष्ट व्यंजनों का जायका भी लिया।
पुस्तक मेला के तीसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ विधायक डॉ अभिलाष पांडे ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी एवं जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक अभिभावक एवं स्कूल के विद्यार्थी उपस्थित रहे।