पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उल्लू ऐप के शो ‘हाउस अरेस्ट’ की एक क्लिप वायरल होते ही नया विवाद खड़ा हो गया है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के बाद एक और शो ने अश्लीलता की हदें पार की हैं। अब बस यही कहा जा सकता है कि ओटीटी की दुनिया में और क्या देखना बाकी रह गया है। क्योंकि OTT की सीढ़ी चढ़कर दर्शकों को ‘उल्लू’ जैसे एप उल्लू बना रहे हैं।
उल्लू ऐप के रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ की एक क्लिप ने बवाल मचा दिया है। बवाल की वजह पूरी तरह से जायज भी है। अश्लील कंटेंट की भरमार वाले इस शो ने लोगों के बीच गुस्सा भड़का दिया है। सोशल मीडिया यूजर्स के बीच आक्रोश देखने को मिल रहा है और एक बार फिर इस शो के बैन की मांग होने लगी है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और इसी के साथ ये मुद्दा राजनीतिक भी बन गया है। कई ऐसे ऐप हैं जिनका पूरा फोकस सिर्फ और सिर्फ अश्लील कंटेंट परोसने पर है। इन एप्स के लिए ऐसा कर पाना इसलिए भी आसान है क्योंकि कोई पहरेदारी नहीं है। ओटीटी सेंसरशिप के नाम पर आज तक कोई कड़ा नियम नहीं बन सका है, जबकि फिल्मों और टीवी के लिए पहले से ही कड़ी निगरानी रही है।
उल्लू एप की नई ओटीटी वेब सीरीज ‘हाउस अरेस्ट’ को कई बार जेल की हवा खा चुके बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट एजाज खान होस्ट कर रहे हैं। ड्रग मामलों में आरोपी रहे एजाज खान महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। बीते हफ्ते ही इनकी पत्नी भी 6 महीने जेल में बिताने के बाद छूटी हैं। इस शो में एजाज खान खुद को ‘घर का डैडी’ कह कर संबोधित कर रहे हैं। इस शो में कामासूत्र से लेकर एडल्ट कॉन्टेंट दिखाया जा रहा है। शो के प्रतिभागी भी इस अश्लीलता में हिस्सा ले रहे हैं।