युवक को डंसने के बाद सांप की मौत, मरे सांप को हाथ में ले अस्पताल पहुंचा युवक

By: PalPal India News
June 21, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। एमपी के बालाघाट जिले में एक अजीबों गरीब मामला सामने आया है यहाँ युवक को डंसने के बाद सांप की मौत हो गई। मृत सांप को लेकर युवक अस्पताल में पहुंचा। यहां युवक का इलाज किया जा रहा है।

हालांकि यहां बालाघाट जिले में ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। यहां एक व्यक्ति को डंसने के बाद सांप की ही मौके पर तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना के बाद शख्स मरे हुए सांप को लेकर अस्पताल पहुंच गया। फिलहाल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत में काम करते समय सांप ने डंसा

जानकारी के मुताबिक ग्रामीण थाना क्षेत्र के खुड़सोड़ी निवासी 25 वर्षीय सचिन कार मैकेनिक है। सचिन अपने खेत गया हुआ था। खेत में काम करने के दौरान उसे सांप ने पैर में डंस लिया। सांप ने सचिन के बाएं पैर पर डंसा, लेकिन कुछ ही पल में वह सांप तड़प-तड़पकर मर गया। इस पूरे मामले की जानकारी जब सचिन के परिजनों को लगी, तो वह सचिन के साथ-साथ उस मरे हुए सांप को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां चिकित्सकों ने सांप को बाहर फेंकवा दिया और सचिन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

चर्चा का विषय बना सांप की मौत

बताया जा रहा है कि युवक को डंसने वाला सांप डोंगर बेलिया था, जो काफी जहरीला होता है। हालांकि सांप के डंसने के बाद अपने आप मर जाने की बात समझ से परे लग रही है। इस अनोखे मामले को लेकर फॉरेस्ट रेंजर धर्मेंद्र बिसेन से दूरभाष पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि यह डोंगरबेलिया जहरीले प्रजाति का सांप है। युवक को काटने के बाद सर्प पलट नहीं पाया होगा और युवक के पैर के नीचे दबने से सांप के जहर की थैली फट गई होगी, जिससे सांप की मौत हो गई। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *