पलपल इंडिया प्रतिनिधि। रियायती और प्रतिस्पर्धी दरों पर स्कूली बच्चों को पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और यूनिफार्म उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किये गये पंद्रह दिनों के जिला स्तरीय पुस्तक एवं गणवेश मेला का आज आयोजित किये गये भव्य समारोह में समापन हुआ। जबलपुर में आयोजित किया गया इस बार का पुस्तक मेला प्रदेश भर में अनुकरणीय मिसाल बन गया है। मेले को दिये गये वृहद स्वरूप और यहॉं अपनाये गये नवाचारों की गूँज पूरे प्रदेश में सुनाई दी। नवाचारों में पूर्व वर्ष की किताबों के आदान-प्रदान के लिये लगाया गया बुक बैंक के स्टॉल की चर्चा पूरे प्रदेश में हुई। इसके अलावा रोज शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
मेला स्थल पर फूड जोन में लगाये व्यंजनो के स्टॉल और बच्चों के लिये विभन्न प्रकार के झूलों को भी अभिभावकों और नागरिकों ने खूब पसंद किया। जबलपुर में पुस्तक मेला के आयोजन का यह लगातार दूसरा वर्ष था। शहर के हृदय स्थल शहीद स्मारक परिसर, गोलबाजार में लगाये गये इस बार के पुस्तक मेले में न केवल जबलपुर बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक यहाँ पहुँचे थे। बच्चों और अभिभावकों का प्रतिदिन मेले में तांता लगा रहा। कॉपी-किताबों और यूनिफार्म पर मिल रहे खासे डिस्काउंट से अभिभावकों के चहेरे पर प्रसन्नता भी दिखाई दी। अभिभावकों ने मेले को वृहद स्वरूप प्रदान करने के लिये जिला प्रशासन और खासतौर पर कलेक्टर दीपक सक्सेना की जमकर सराहना भी की।
इस अवसर पर मेला का आयोजन के सूत्रधार कलेक्टर दीपक सक्सेना भी मंचासीन थे। सयुंक्त संचालक शिक्षा प्राचीश जैन, जिला व्यापार एवं उद्योग के महाप्रबंधक विनीत रजक एवं जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी भी समापन समारोह में मौजूद रहे। समापन समारोह का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी इस अवसर पर दी गई। मेले के सफल आयोजन में भागीदार विभिन्न विभागों के अधिकारियों- कर्मचारियों को तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि सांसद श्री आशीष दुबे एवं कलेक्टर दीपक सक्सेना ने प्रदान किये। सांसद श्री आशीष दुबे ने समापन समारोह को संबोधित करते हुये पुस्तक मेले के सफल आयोजन के लिये जिला प्रशासन की तथा स्कूली बच्चों की रुचि अनुसार इसे वृहद स्वरूप प्रदान करने के लिये कलेक्टर दीपक सक्सेना की सराहना की।