एशिया में फिर बढ़ा COVID-19 का खतरा, हांगकांग और सिंगापुर में मामलों में तेज़ इज़ाफा

By: PalPal India News
May 17, 2025

नई दिल्ली. एशिया एक बार फिर कोरोना वायरस की नई लहर की चपेट में आता दिख रहा है। हांगकांग और सिंगापुर जैसे प्रमुख और घनी आबादी वाले वित्तीय केंद्रों में कोविड-19 मामलों में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस पर चिंता जताते हुए सामुदायिक प्रसार के संकेत मिलने की बात कही है।

हांगकांग के Center for Health Protection के संक्रामक रोग शाखा प्रमुख अल्बर्ट आउ ने बताया कि शहर में कोरोना संक्रमण की सक्रियता “काफी ऊंचे स्तर” पर पहुंच चुकी है। सांस से संबंधित सैंपलों में पॉजिटिविटी रेट पिछले एक साल में सबसे अधिक है। केवल 3 मई को समाप्त सप्ताह में 31 गंभीर मामले और कई मौतें दर्ज की गईं, जो बीते एक साल में सर्वाधिक हैं।

इसके अलावा, नालियों के पानी में वायरस की बढ़ी मात्रा, मेडिकल कंसल्टेशन और अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी गई है, जो दर्शाता है कि लगभग 70 लाख की आबादी वाला यह शहर कोरोना के फिर से प्रभाव में है। इस बीच प्रसिद्ध गायक ईसन चान के कोविड संक्रमित होने के कारण उन्हें ताइवान में अपने कॉन्सर्ट रद्द करने पड़े. सिंगापुर सरकार ने लगभग एक साल बाद कोविड-19 पर अपडेट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, 3 मई को खत्म सप्ताह में मामलों की संख्या 28 प्रतिशत बढ़कर 14,200 हो गई है। वहीं, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हालांकि, सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि वर्तमान में फैल रहे वायरस के वेरिएंट्स पहले की तुलना में न तो अधिक संक्रामक हैं और न ही अधिक गंभीर बीमारी का कारण बन रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि टीकों से बनी प्रतिरक्षा धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे संक्रमण के मामले दोबारा बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *