प्राइम वीडियो के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के पहले सीजन का रोमांचक ग्रैंड फिनाले सम्पन्न हो गया, जहां उर्फी जावेद और निकिता लूथर ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली। करण जौहर द्वारा होस्ट किए गए इस थ्रिलर रियलिटी शो में दोनों ने 70 लाख रुपये की इनामी राशि साझा की। फिनाले में उर्फी और निकिता ने सूझबूझ और रणनीति से ट्रेटर्स हर्ष गुजराल और पूरब झा को बेनकाब कर बाहर का रास्ता दिखाया। साथ ही उन्होंने सह-निर्दोष प्रतियोगी सुधांशु पांडे को भी वोट के जरिए एलिमिनेट किया। निर्णायक पल तब आया जब पूरब और हर्ष की बातचीत को उर्फी ने छुपकर सुन लिया, जिससे उनकी असली पहचान उजागर हो गई।
ग्रैंड फिनाले की शुरुआत ‘सर्कल ऑफ शक’ से हुई, जिसमें अपूर्वा मुखीजा को सबसे पहले बाहर कर दिया गया। इसके बाद ट्रेटर्स हर्ष और पूरब ने जैस्मिन भसीन को ‘मर्डर’ किया। अंत में उर्फी, निकिता, सुधांशु, पूरब और हर्ष फाइनल पांच में पहुंचे। उर्फी ने अंत में कहा, “मुझे लगता है पूरब ट्रेटर है,” और उनका शक सही साबित हुआ।
जीत के बाद उर्फी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं यकीन नहीं कर पा रही कि मैंने निर्दोष के तौर पर ये शो जीता। ये उन सभी के लिए जवाब है, जो मुझ पर शुरू से शक कर रहे थे।” वहीं निकिता लूथर, जो पहले ही दिन शो से बाहर हो गई थीं और फिर वापसी की, ने सह-विजेता बनने को अविश्वसनीय अनुभव बताया।
‘द ट्रेटर्स’ एक सोशल डिडक्शन रियलिटी शो है जिसमें 20 प्रतियोगियों को शामिल किया गया था। इनमें करण कुंद्रा, जैस्मिन भसीन, पूरब झा, हर्ष गुजराल, उर्फी जावेद और निकिता लूथर जैसे कई चर्चित नाम शामिल थे। शो में निर्दोष प्रतिभागियों को छिपे हुए “ट्रेटर्स” की पहचान कर उन्हें वोट के ज़रिए बाहर करना होता है, जबकि ट्रेटर्स गुप्त रूप से निर्दोषों को ‘मर्डर’ करते हैं।
यह शो डच सीरीज ‘De Verraders’ का भारतीय संस्करण है और प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। शो की सफलता को देखते हुए इसके दूसरे सीजन की भी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।