दो दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे जवान की पत्नी की मौत, 15 दिन की बच्ची को जन्म देने के बाद देबराज की पत्नी की तबीयत थी खराब

By: PalPal India News
May 13, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। ओडिशा के संबलपुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहाँ बच्ची को जन्म देने के बाद देबराज की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। पत्नी का इलाज चल ही रहा था कि जवान को ड्यूटी पर आने का बुलाया आ गया। इस बीच, आज जवान की पत्नी की मौत हो गई।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान में जारी तनाव के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए थे, जिसके कारण सभी सेना में भर्ती जवानो को बॉर्डर में तैनात रहने के लिए छुट्टियाँ रद्द कर दी गई थी।  इस बीच, झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर ब्लॉक के टेंगनामाल गांव के निवासी देबराज गंड की पत्नी लिपि गंड का इलाज के दौरान निधन हो गया। देबराज सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कार्यरत हैं और अपनी पत्नी और नवजात बच्ची से दूर, देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हैं।

बच्ची के जन्म के बाद मां की बिगड़ी तबीयत

यह दुखद सिलसिला 28 अप्रैल को शुरू हुआ, जब लिपि ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। उस समय उनके पति देबराज भी उनके साथ थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन यह खुशी क्षणिक साबित हुई। बच्ची के जन्म के कुछ समय बाद ही लिपि की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बुर्ला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। बताया जा रहा है कि लिपि लगातार अचेत अवस्था में थीं और कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

11 मई को ड्यूटी पर लौटने का बुलावा आया

इस मुश्किल घड़ी में दो दिन पहले 11 मई को सशस्त्र सीमा बल की ओर से बॉर्डर ड्यूटी पर वापस लौटने का बुलावा आ गया। देश सेवा के अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हुए देबराज ने भारी मन से अपनी अचेत पत्नी और नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़कर ड्यूटी पर चले गए। आज, 13 मई को देबराज की बीमार पत्नी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उनके निधन का कारण मल्टी ऑर्गन फेल्योर बताया है। एक तरफ नजवजात बच्ची जिसने अभी अपनी मां का चेहरा भी ठीक से नहीं देखा है और दूसरी तरफ जवान देबराज हैं, जो देश की सुरक्षा के लिए बॉर्डर पर तैनात हैं, जबकि परिवार इस असहनीय दुख से जूझ रहा है। गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *