शीघ्र शुरू होगा क्षतिग्रस्त शाला भवनों की मरम्मत एवं निर्माण का कार्य

By: PalPal India News
June 21, 2025

जबलपुर. जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित ऐसी 36 शालाओं के भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरु किया जा रहा है जो या तो भवन विहीन हैं अथवा जिनके भवन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। जिला पंचायत के सीईओ ने इस संबंध में समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में  कुछ स्कूलों के भवन क्षतिग्रस्त अथवा भवन विहीन होने के प्रकाशित और प्रसारित समाचारों पर वस्तु स्थिति स्पष्ट करते हुये बताया कि इन शाला भवनों के निर्माण की स्वीकृति जिला खनिज मद से प्रदान कर दी गई है तथा निविदा की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

जिला पंचायत के सीईओ ने बताया कि उल्लेखित शासकीय विद्यालय के भवनों में से ग्राम नीची, गुबराखुर्द, जोगीधाना एवं आमाटिटहा सहित जिले के 36 स्कूल भवनों के निर्माण की स्वीकृति जिला खनिज मद से 16 अप्रैल 2025 को दी गई है। जिसकी निर्माण एजेन्सी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, जबलपुर को बनाया गया है।

कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जबलपुर के अनुसार इन कार्यो की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो गई है तथा एक सप्ताह के भीतर सभी में निर्माण कार्य प्रारंभ हो जायेगा तथा छह माह की अवधि में पूर्ण कर लिया जायेगा।

जिले के अन्य जर्जर एवं मरम्मत योग्य स्कूल भवनों के प्राक्कलन बनाये जाने हेतु कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जबलपुर को निर्देशित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *