इंफेक्शन का इलाज कराने अस्पताल गया था युवक, डॉक्टरों ने बिना बताए काट दिया प्राइवेट पार्ट

By: PalPal India News
July 5, 2025

नई दिल्ली. असम के कछार जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने इलाज के नाम पर निजी अस्पताल में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मणिपुर के जिरीबाम जिले के निवासी 28 वर्षीय अतीकुर रहमान का कहना है कि उन्हें गुप्तांग में संक्रमण की शिकायत के चलते सिलचर स्थित आरई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके गुप्तांग की सर्जरी कर दी।

पीड़ित अतीकुर रहमान के अनुसार, 19 जून को उन्होंने आरई अस्पताल में डॉक्टर ऐडन सिन्हा से परामर्श लिया था। डॉक्टर ने बायोप्सी टेस्ट की सलाह दी थी, लेकिन इसके बाद उन्हें ऑपरेशन थियेटर ले जाकर बिना सूचना के बड़ी सर्जरी कर दी गई। जब रहमान को होश आया, तो उन्होंने देखा कि संबंधित हिस्से पर पट्टी बंधी थी। पूछने पर किसी डॉक्टर या स्टाफ ने उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

स्थानीय मीडिया से बातचीत में रहमान ने बताया कि उनके गुप्तांग को पूरी तरह काट दिया गया है, जिससे वे मानसिक आघात में हैं। उनका कहना है कि अब वे न तो सामान्य जीवन जी सकते हैं और न ही विवाह कर सकते हैं। “मैंने किसी को इसकी अनुमति नहीं दी थी। मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई है,” उन्होंने कहा।

घटना के बाद से डॉक्टर ऐडन सिन्हा फरार बताए जा रहे हैं। रहमान ने कई बार अस्पताल और डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस मामले में स्थानीय पुलिस और असम के मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। पीड़ित अतीकुर रहमान ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल और जिम्मेदार डॉक्टर को जवाबदेह ठहराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और व्यक्ति के साथ ऐसी घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *