CM मोहन यादव ने दो चीतों ‘प्रभास’ और ‘पावक’ को खुले बाड़े में छोड़ा, श्योपुर के कूनो में बढ़ेगी पर्यटकों की संख्या

By: PalPal India News
April 21, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिएमपी के सीएम मोहन यादव ने मंदसौर के गांधी सागर अभयारण्य में दो चीतों को खुले बाड़े में छोड़ा है, इन्हें कूनों से लाया गया और गांधी सागर अभयारण्य में छोड़ा गया है।

मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने मालवा क्षेत्र के मंदसौर में गांधी सागर अभयारण्य की भूमि पर जिन 2 चीतों को छोड़ा है उनके नाम प्रभास और पावक है। चीतों के फर्राटे के साथ 20 अप्रैल रविवार का दिन मालवा की भूमि के लिए ऐतिहासिक दिवस के रूप मे दर्ज हो गया। देश में पहली बार अंतर्राज्यीय स्तर पर चीतों का पुनर्वास हुआ है। यह दोनों चीते आज श्योपुर कूनो से मंदसौर के गांधी सागर अभयारण्य पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह पूर्वक इन चीतों को खुले बाड़े में छोड़ा। कुनों में पर्याप्त संख्या में चीतल चिंकारा और छोटे जानवर हैं। दोनों 6 वर्षीय युवा चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान में खुले में ही घूम कर शिकार कर रहे थे, इसलिए इन्हें सीधे खुले बाड़े में छोड़ा गया है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चीता प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में सबसे अधिक मध्य प्रदेश में सफल हुआ है। पुनर्वास के बाद श्योपुर के कूनो में दुनिया में सबसे अधिक चीतों का जन्म हुआ है। मालवा की भूमि पर हम चीतों का स्वागत करते हैं। चीतों के आने से मंदसौर और नीमच जिलों मे पर्यटन की संभावनाओं को पंख लग जाएंगे। राजस्थान और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे, उनके जीवन स्तर में भी सुधार होगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा। वन्य पर्यावरण की दृष्टि से मध्य प्रदेश की धरा पर चीतों का सफलतापूर्वक पुनर्वास किया गया है।

उप मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद

बता दें कि इस दौरान कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक अनिरुद्ध मारू, हरदीप सिंह डंग, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य नारायण जटिया, अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्नवाल, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी असीम श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *