दूसरो की शादी में करते थे बड़ी चोरी, अपनी शादी में पकड़ाए कड़िया गिरोह के चार कुख्यात बदमाश

By: PalPal India News
April 17, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पुलिस ने कड़िया गिरोह के चार कुख्यात बदमाश अपराधियों को गिरफ्तार किया  है, यह अपराधी शादियों में बेशकीमती सामानों की चोरी करने और हिंसा के बूते अपनी गिरफ्तारी से हर बार बच जाते थे। लेकिन पुलिस ने इन्हें उनके ही शादी समारोह में पकड़ लिया। यह गिरोह कई राज्यों में चोरी, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने जानकारी साझा करते हुए बताया की, यह गिरोह लंबे वक्त से फरार था और उनकी गिरफ्तारी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। शादी के सीजन में इन अपराधियों के गांव लौटने की संभावना को देखते हुए, पुलिस ने कड़िया गांव और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात किए। इस क्रम में 153 पुलिस जवानों की एक टीम ने पूरे इलाके की निगरानी की, जिसमें 17 विभिन्न पुलिस थानों के कर्मी शामिल थे। पुलिस शिविर भी स्थापित किया, जिसमें टेंट, मोबाइल शौचालय, पानी के टैंकर और सशस्त्र बल तैनात थे। यहां तक कि कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भीड़ में घुलने-मिलने के लिए तैनात किए गए थे, ताकि अपराधियों की गिरफ्तारी हो सके। पुलिस ने इसके साथ ही गांव में बैनर लगाए, जिनमें वांछित अपराधियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं, ताकि स्थानीय लोग इनकी पहचान कर सकें।

अपराधी पर दर्ज है कई मामले

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में काबीर सांसी (24), ऋषि सांसी (19), मोहनीश सांसी और रोहन सांसी शामिल हैं। इन पर कई राज्यों में चोरी और अन्य अपराधों के आरोप हैं। काबीर सांसी के खिलाफ मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऋषि सांसी पर भी कई राज्यों में मामलों का रिकॉर्ड है, जिनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों में मामले दर्ज हैं। मोहनीश सांसी पर 32 मामलों का आरोप है, जबकि रोहन सांसी पर चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया की अभी भी 50 से अधिक फरार अपराधियों की तलाश जारी है। पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है। कड़िया गिरोह का आपराधिक इतिहास बहुत लंबा है और ये अपराधी देशभर में चोरी और डकैती की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *