पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे। चौथे टेस्ट मैच में उनके पैर में क्रिस वोक्स की गेंद लग थी। इसके बाद स्कैन में फ्रैक्चर का पता चला था। चोटिल होने की वजह से ही वह पांचवें टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए और बाहर हो गए थे। तब उनकी जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिला था।
एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। ऋषभ पंत का एशिया कप 2025 तक फिट हो पाना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि उनके फ्रैक्चर को ठीक होने में वक्त लग सकता है। इस वजह से वह शायद आगामी टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएं। दूसरी तरफ पंत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से ही भारत के लिए T20I क्रिकेट में नहीं खेला है। उनका ज्यादा फोकस टेस्ट क्रिकेट पर रहा है, जहां भारतीय टेस्ट टीम की वह अहम कड़ी हैं।
ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के लिए साल 2017 में T20I टीम में डेब्यू किया था और इसके बाद से उन्होंने 76 T20I मैचों में कुल 1209 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं। इस दौरान उनका औसत सिर्फ 23.25 का रहा है। बीते आईपीएल सीजन में भी वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम हुए और उन्होंने आईपीएल 2025 के 14 मैचों में कुल 269 रन बनाए।
हाल के सालों में भारतीय टी20 टीम में ऋषभ पंत की जगह संजू सैमसन ने विकेटकीपर की भूमिका निभाई है और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया है। उन्होंने अभी तक 42 T20I मैचों में कुल 861 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से तीन शतक और दो अर्धशतक निकले हैं। उनकी विकेटकीपिंग स्किल भी कमाल की है। ऐसे में उनके स्क्वाड में होने की ज्यादा संभावना है। दूसरी तरफ ईशान किशन भी टी20 टीम में आने के लिए तैयार बैठे हैं। ईशान ने अभी तक 32 T20I मैचों में 796 रन बनाए हैं।