मुंबई। महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक छात्र ने परीक्षा के लिए समय पर पहुंचने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। वाई तहसील के पासरानी गांव के छात्र समर्थ महांगड़े को अपनी परीक्षा देने के लिए कॉलेज पहुंचना था, लेकिन रास्ते में वाई-पंचगनी रोड पर भारी ट्रैफिक की वजह से देरी हो सकती थी।
अधिकांश लोग ट्रैफिक से बचने के लिए कोई छोटा रास्ता अपनाते हैं, लेकिन समर्थ ने सीधे आसमान का रास्ता चुना! उन्होंने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पैराग्लाइडिंग करने का फैसला किया। समर्थ ने पंचगनी में “जीपी एडवेंचर” के एक्सपर्ट गोविंद यवले और उनकी टीम की मदद से यह रोमांचक सफर तय किया। टीम ने उनकी सुरक्षित उड़ान और परीक्षा केंद्र के पास सटीक लैंडिंग सुनिश्चित की।
वीडियो में समर्थ को कॉलेज बैग और पूरी सुरक्षा किट के साथ उड़ते हुए देखा जा सकता है। परीक्षा में केवल 15-20 मिनट ही बचे थे, लेकिन समर्थ सही समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा में शामिल हुए। उनकी यह अनोखी यात्रा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोग उनकी जुगाड़ और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं।