मप्र: धार में दर्दनाक सड़क हादसा: गैस टैंकर की टक्कर से 7 की मौत, 3 घायल

By: PalPal India News
March 13, 2025

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बदनावर-उज्जैन मार्ग पर स्थित ग्राम बामनसुता के पास रात करीब 11 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार गैस टैंकर ने कार और पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। राहत कार्य के लिए क्रेन का सहारा लेना पड़ा ताकि वाहनों के अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला जा सके। इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 घायल यात्रियों को तुरंत बदनावर के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर कर दिया गया है।

हादसे में मारे गए लोगों में मंदसौर, रतलाम और जोधपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी भी सभी की पहचान की पुष्टि करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे कि अचानक यह दर्दनाक हादसा हो गया। बदनावर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे के कारणों की जांच के लिए मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि टैंकर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस दुर्घटना का मुख्य कारण हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *