नई दिल्ली. तमिलनाडु के थंजावुर-तिरुचिरापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सेंग्किपट्टी पुल के पास एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक सरकारी बस और एक प्राइवेट टेंपो वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की पुष्टि थंजावुर जिले की कलेक्टर प्रियंका बालासुब्रमण्यम ने की है।
हादसे के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बस और टेंपो के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं।
तेलंगाना में भी सड़क हादसा: एक ही परिवार के 4 सदस्यों सहित 6 की मौत
इसके एक दिन पहले तेलंगाना में भी एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सोलापुर की ओर जा रही एक SUV वाहन ने डिवाइडर पार कर लिया और मुंबई से बल्लारी जा रही एक बस से सीधी टक्कर हो गई।
मृतकों में गडवाल (तेलंगाना) के निवासी टी. भास्करन मलाकंथन, उनकी पत्नी पवित्रा टी.बी., बेटे अभिराम, बेटी ज्योत्सना, SUV चालक विकास शिवप्पा मखनी और बस चालक बसवराज राठोड़ कालगुटगी शामिल हैं। भास्करन का 10 वर्षीय बेटा प्रवीन तेज गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।