कोटा में ट्रेलर चालक ने आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

By: PalPal India News
May 4, 2025

कोटा. राजस्थान के कोटा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मंडाना थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ड्यूटी पर तैनात आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि इंस्पेक्टर नरेश की मौके पर ही मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना कोटा-झालावाड़ हाईवे 52 पर हुई. पुलिस के अनुसार, आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश सोमवार को गोपालपुरा माता के पास झालावाड़ रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर कोटा की ओर से झालावाड़ की तरफ आ रहा था. इंस्पेक्टर नरेश ने ट्रेलर को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने न सिर्फ रुकने से इनकार किया, बल्कि इंस्पेक्टर को कुचलने की कोशिश की.

इसके बाद आरटीओ इंस्पेक्टर ने मौके पर ही ट्रेलर का ऑनलाइन चालान काटा. कुछ ही देर बाद वह ट्रेलर कुछ दूरी पर जाकर अचानक यूटर्न लेकर वापस आया और तेज रफ्तार से चलाते हुए सीधा नरेश पर चढ़ा दिया.

ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना बेहद चौंकाने वाली और अमानवीय थी. हादसे में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना भी मिली है. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. हाईवे एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक इंस्पेक्टर की जान जा चुकी थी. इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. ट्रेलर चालक की तलाश में पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है. फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *