नई दिल्ली. शनिवार को भारत में डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह ठप हो गई जब यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) में बड़ी तकनीकी खामी सामने आई। इस गड़बड़ी की वजह से Paytm, PhonePe और Google Pay जैसी प्रमुख पेमेंट ऐप्स ने काम करना बंद कर दिया, जिससे लाखों यूजर्स को रोजमर्रा के लेन-देन, जैसे कि खरीदारी, बिल भुगतान और पैसे ट्रांसफर करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया और डाउनडिटेक्टर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लोगों ने बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज करवाईं। दोपहर करीब 12 बजे तक 1,200 से ज्यादा रिपोर्ट्स सामने आईं। इन शिकायतों में करीब 66% लोगों ने पेमेंट फेल होने की बात कही, जबकि 34% को फंड ट्रांसफर में दिक्कत आई। यह साफ दर्शाता है कि समस्या किसी एक ऐप तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे UPI नेटवर्क में ही तकनीकी संकट है।
यूपीआई (Unified Payments Interface) भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा विकसित एक रीयल-टाइम भुगतान प्रणाली है, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की निगरानी में संचालित होती है। इसके माध्यम से यूजर्स तुरंत बैंक खातों के बीच पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं—वो भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के। यूपीआई का उपयोग केवल छोटे भुगतान जैसे कि किराने की खरीददारी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बड़े वित्तीय लेन-देन, सब्सक्रिप्शन भुगतान, और ऑटो-पेमेंट सुविधाओं के लिए भी किया जाता है।
अब तक ना तो NPCI और ना ही किसी बड़े UPI ऐप की तरफ से इस गड़बड़ी को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि संबंधित संस्थाएं जल्द से जल्द इस समस्या को हल करेंगी।