उत्तर प्रदेश: शौचालय की टंकी से निकले सैकड़ों जहरीले सांप, गांव में मची अफरा-तफरी

By: PalPal India News
May 20, 2025

नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदी डाली चौराहे पर स्थित वीरेंद्र गुप्ता के नवनिर्मित मकान में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शौचालय की टंकी से अचानक सैकड़ों छोटे-बड़े सांप निकलने लगे।

जानकारी के अनुसार, घर की शौचालय टंकी की सफाई का कार्य चल रहा था। जैसे ही सफाई कर रहे मजदूरों ने टंकी के अंदर झांका, तो वहां रेंगते हुए सैकड़ों सांप दिखाई दिए। यह नजारा देखकर मजदूर और घरवाले घबरा गए और तुरंत बाहर की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

हालांकि वन विभाग को इस बारे में सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई राहत टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच गांव के एक युवक इस्लाम ने बड़ी हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। वह मच्छरदानी की मदद से शौचालय की टंकी में उतरा और एक-एक करके सैकड़ों सांपों को बाहर निकाला। इस्लाम की बहादुरी की गांव भर में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर उसने वक्त रहते कदम न उठाया होता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *