अमृतसर। अमृतसर के पवित्र स्वर्ण मंदिर परिसर में शुक्रवार को एक शख्स ने श्रद्धालुओं पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर की पहचान ज़ुल्फान के रूप में हुई है, जिसने श्री गुरु रामदास सराय में मौजूद श्रद्धालुओं पर अचानक हमला कर दिया। यह सराय तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए बनाई गई है, और वहीं यह हिंसक झड़प हुई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सभी घायलों को गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो SGPC (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) द्वारा संचालित है। डॉ. जसमीत सिंह के अनुसार, “पीड़ितों ने बताया कि एक अनजान शख्स ने लोहे की रॉड से उन पर हमला किया। पांच घायल हमारे पास लाए गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है। उनकी स्थिति स्थिर होने के बाद सीटी स्कैन किया जाएगा, जबकि अन्य चार की हालत सामान्य है।”
पुलिस जांच जारी- कोतवाली एसएचओ सरमेल सिंह ने बताया कि SGPC ने ज़ुल्फान को पुलिस के हवाले कर दिया है। इस झड़प में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिनमें SGPC के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस इस मामले में कानून के तहत कार्रवाई कर रही है और हमलावर के इरादों की जांच की जा रही है।