टमाटर सिर्फ सलाद या सब्ज़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपकी खूबसूरती बढ़ाने में भी बड़ा कमाल कर सकता है। टमाटर में मौजूद पोषक तत्व न सिर्फ आपके पेट के लिए, बल्कि आपकी त्वचा के लिए भी बेहद फायदेमंद होते हैं। इसमें विटामिन A, C और K भरपूर मात्रा में होते हैं, जो स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद करते हैं।
टमाटर की हल्की खटास त्वचा के रोमछिद्रों को खोलती है और मुंहासों को दूर करने में मददगार होती है। साथ ही, ये फ्री रेडिकल्स को हटाकर त्वचा को फ्रेश और जवां बनाए रखने में भी कारगर है।
अगर आपके पास पार्लर जाने का वक्त नहीं है, तो चिंता की कोई बात नहीं। टमाटर के आसान घरेलू नुस्खों से आप घर पर ही पा सकते हैं दमकती त्वचा। आइए जानें टमाटर का इस्तेमाल करने के 5 बेहतरीन तरीके:
1. सीधा मसाज करें
एक ताजा टमाटर लें, उसे आधा काटें और हल्के हाथों से चेहरे पर मसाज करें। 15-20 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। यह स्किन पिगमेंटेशन को दूर करने और रंगत निखारने में मदद करता है।
2. टमाटर-दही फेस पैक
एक टमाटर को मैश करें और उसमें एक बड़ा चम्मच दही मिलाएं। अच्छे से मिक्स कर चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। यह फेस मास्क मुंहासों को कम करने में असरदार है।
3. टमाटर-नींबू पैक
2-3 चम्मच टमाटर की प्यूरी में 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं। चेहरे पर लगाकर 10-15 मिनट बाद धो लें। यह उपाय काले धब्बे, पिगमेंटेशन हटाने और स्किन ब्राइट करने में मदद करता है।
4. टमाटर-हल्दी पैक
एक टमाटर को पीसकर मुलायम पेस्ट बनाएं और उसमें आधा चम्मच हल्दी मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाकर 15 मिनट तक छोड़ दें, फिर धो लें। यह मास्क स्किन की सूजन, सन डैमेज और रंगत की समस्या को ठीक करता है।
5. टमाटर-चीनी स्क्रब
एक टमाटर को काटें, उस पर थोड़ा चीनी छिड़कें और चेहरे व गर्दन पर 3 मिनट तक सर्कुलर मोशन में स्क्रब करें। फिर ठंडे पानी से धो लें। यह डेड स्किन हटाने और त्वचा को मुलायम बनाने में शानदार है।