देशभर में मौसम का बदला मिजाज: कहीं बारिश तो कहीं भीषण गर्मी, अलर्ट जारी

By: PalPal India News
April 24, 2025

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में भारी बारिश और कुछ में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है, जो 26 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। उत्तर-पूर्व भारत जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लू और गर्मी से प्रभावित राज्य- राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इन राज्यों में लू चल सकती है। गुजरात, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में गर्म और उमस भरा मौसम परेशान कर सकता है।

दिल्ली में हीटवेव अलर्ट- राजधानी दिल्ली में भी गर्मी चरम पर है। IMD ने गुरुवार से शनिवार तक लू की चेतावनी दी है। इस दौरान तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मंगलवार को पारा 39.9 डिग्री तक पहुंच गया था, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। सोमवार को 41.3 डिग्री के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

IMD की चेतावनी- येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

गर्मी से बचाव के उपाय:

  • दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें।

  • खूब पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेटेड रखें।

  • हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनें।

  • टोपी, छाता या गमछा इस्तेमाल करें।

  • जब तक ज़रूरी न हो, घर के अंदर ही रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *