पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा थाने में एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ पुलिस विभाग को शर्मसार किया, बल्कि पूरे जिले को हैरत में डाल दिया है। 5 अप्रैल को पवन गुर्जर नामक एक युवक अपने साथियों से मिलने थाने पहुंचा था। युवक ने थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर दिलीप कटारा पर आरोप लगाया है की किसी बात को लेकर बातचीत हुई और अचानक कटारा ने पवन को अपने हाथ से जोरदार तमाचा मार दिया।
आगर मालवा जिले के नलखेड़ा थाने में एक पुलिस अधिकारी ने युवक को थप्पड़ जड़कर उसका कान फाड़ दिया। इस घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारी के हाथ में थी चाबी
पवन का कहना है कि पुलिस अधिकारी के हाथ में चाबी थी, जिसके कारण थप्पड़ मारने से उसके कान पर गहरी चोट आई और उसका कान फट गया। युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया और टांके लगाए गए। पवन ने इस घटना के बाद पूरी स्थिति की जानकारी पुलिस को दी और जल्द ही मामला सोशल मीडिया और स्थानीय समुदाय में फैल गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी सब इंस्पेक्टर दिलीप कटारा को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह के अनुशासनहीनता को रोका जा सके।