55 साल के फूफा के प्यार में पत्नी ने कराई पति की हत्या, औरंगाबाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

By: PalPal India News
July 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिऔरंगाबाद पुलिस ने प्रियांशु उर्फ छोटू मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी गुंजा समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की मास्टरमाइंड प्रियांशु उर्फ छोटू की पत्नी गुंजा सिंह निकली। एसपी अम्बरीष राहुल ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि मृतक की पत्नी गुंजा का अनैतिक संबंध उसके सगे फूफा जीवन सिंह के साथ था।

सगे फूफा से 15 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय गुंजा का अपने सगे फूफा जीवन सिंह (55 वर्ष) के साथ 15 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुंजा अपने सगे फूफा से शादी करना चाहती थी लेकिन परिजन राजी नहीं थे और उसकी शादी डेढ़ महीने पहले ही एक युवक से करा दिया। 25 जून को प्रियांशु अपनी बहन से मिलने के बाद ट्रेन से घर लौट रहा था और नवीन नगर स्टेशन पर उतर गया। उसने गुंजा से किसी को बाइक से भेजने के लिए कहा। घर जाते समय उसे गोली मार दी गई। इससे उसकी मौत हो गई।

शादी के 45 दिन बाद पति को मरवा दिया

एसपी ने बताया कि गुंजा की शादी हो जाने के बाद प्रियांशु उनके प्यार की राह में बाधक बनने लगा। ऐसे में प्रेमी फूफा जीवन के साथ मिलकर गुंजा ने अपने पति की हत्या कराने का फैसला लिया। जीवन सिंह ने भाड़े के शूटरों को हायर किया और गुंजा की शादी के महज 45 दिन बाद यानी कि 24 जून की रात प्रियांशु की हत्या करा दी।

सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज से खुली गुंजा की पोल

24 जून की रात नबीनगर थाना क्षेत्र के लेंबोखाप मोड़ के पास प्रियांशु की गोली मारकर हत्या उस समय की गई थी। जब वह जब बाइक से अपने गांव बड़वान लौट रहा था। एसपी ने कहा कि घटना के बाद एसआईटी का गठन किया गया था। सीडीआर जांच, सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर गुंजा सिंह और 2 अन्य अपराधियों जयशंकर और मुकेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुंजा ने इस खूनी साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार भी कर ली है। उन्होंने कहा कि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *