करोड़ों के लालच में महिला हुई ठगी का शिकार, घर से भागकर अपने ही अपहरण का बनाया वीडियो

By: PalPal India News
June 19, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जबलपुर में महिला ने ठगों के झांसे में आकर लॉटरी का इनाम लेने के लिए 4 लाख रुपये दे दिए। उसके बाद अपने ही घर से भाग कर अपने अपहरण का वीडियो बनाकर ठगों को दिया। जिसे परिजनों को भेजकर ठगों ने फिरौती की मांग की । महिला को पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से दश्तयाब किया है।

बरगी थाना क्षेत्र की एक आशा कार्यकर्ता को साइबर ठगों ने फोन कर कहा कि उसे करोड़ों रुपये की लाटरी लगी है। सोना-चांदी मिलने का झांसा देकर आरोपितों ने चार लाख रुपये ऐंठ लिए। इतनी राशि के ट्रांजेक्शन पर स्वजन ने पूछताछ की तो सवालों से बचने के लिए वह घर से भाग गई। सोना मिलने के लालच में ठग के संपर्क में बनी रही। इसके साथ ही ठग ने महिला से उसके अपहरण का वीडियो भी बनवाया। ठग ने वीडियो उसके स्वजन को भेजकर दो लाख रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर महिला के शरीर के टुकड़े करके बरगी के जंगल में फेंकने की धमकी दी। घबराए स्वजन पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर महिला को तलाशते हुए दिल्ली पहुंची।

महिला को दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से दस्तयाब किया गया। पुलिस महिला को शहर वापस लायी, जहां पूछताछ में महिला के साथ ठगी और फिर आरोपितों के ही षड्यंत्र में फंसकर अपहरण की कहानी गढ़ने का पर्दाफाश हुआ। अब पुलिस आरोपित साइबर ठगों का पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *