ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला का ट्रक से हाथ कटा, महिला की हालत नाजुक

By: PalPal India News
September 27, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में ट्रक की चपेट में आने से ऑटो में बैठी एक महिला का हाथ कटकर अलग हो गया। गुरुवार दोपहर महिला ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। तभी बगल से तेज रफ्तार ट्रक गुजरा और हाथ कटकर 300 मीटर दूर जा गिरा। महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया है, जहां अधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना संस्कार कॉलोनी की है। मौके पर पहुंची गोहलपुर थाना पुलिस ने महिला का कटा हाथ अस्पताल ले जाकर डॉक्टर को दिया। लेकिन, डॉक्टर का कहना है कि हाथ कटने के बाद एक घंटे से अधिक समय बीत गया। ऐसे में हाथ की कोशिकाओं ने काम करना बंद कर दिया। अब इसे नही जोड़ा जा सकता
पनागर की रहने वाली नीतू पटेल गुरुवार दोपहर को ग्वारीघाट मां नर्मदा के दर्शन के लिए गई थी। वापस जब वह अपने घर जा रही थी, तो उन्होंने दमोह नाका से रिक्शा बदला और फिर दूसरे ई-रिक्शा में बैठकर पनागर जा रही थी। महिला जैसे ही संस्कार सिटी के पास पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्रक का धारदार हिस्सा महिला के सीधे हाथ से टकराया और पलक झपकते ही गायब हो गया।

एक पल के लिए तो नीतू समझ ही नहीं पाई कि क्या हो गया, थोड़ी ही देर में महिला बेहोश हो गई, और ई-रिक्शा खून से सन गया। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्कों मौके पर पहुंचीं, और महिला के शरीर से गायब हुए हाथ को तलाश किया। हाथ मौके से 300 मीटर दूर गाजीनगर के पास सड़क किनारे हुए पड़ा मिला। पुलिस ने कटे हाथ को कब्जे में लिया और फिर फौरन अस्पताल लेकर गए। थाना प्रभारी का कहना है कि नीतू के शरीर से काफी खून बह गया है, इसलिए जरूरत पड़ने पर हमारा स्टाफ भी ब्लड डोनेट करने को तैयार है। फिलहाल अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

HIGHLIGHTS

  • ट्रक से महिला का हाथ कटा,300 मीटर दूर गिरा
  • ई-रिक्शा से घर लौट रही थी महिला
  • पुलिस ने हाथ तलाशकर अस्पताल पहुंचाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *