बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के अवैध शिकार में शामिल अंतर्राज्यीय गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

By: PalPal India News
August 30, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स मध्यप्रदेश द्वारा बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के अवैध शिकार में सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह पर की गई बड़ी कार्यवाही के तहत गिरोह के मुख्य शिकारी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) मध्यप्रदेश के निर्देश पर गठित संयुक्त दल द्वारा पूर्व में की गई कार्यवाही में 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लगभग 225 नग वन्यजीवों के अवयव जब्त किये गये थे। विशेष न्यायालय शिवपुरी में आरोपियों से पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद इस गिरोह के अन्य 04 सदस्यों को भी शिवपुरी एवं श्योपुर से गिरफ्तार किया गया था।

इसी क्रम में आज शुक्रवार को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स शिवपुरी एवं वनमंडल शिवपुरी की संयुक्त टीम ने ग्राम खरई खैरोना बस स्टैंड शिवपुरी से प्रकरण में शामिल मुख्य शिकारी सातवां आरोपी बृजमोहन मोंगिया निवासी पोहरी, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय शिवपुरी में पेश कर फॉरेस्ट रिमांड पर लिया गया है। प्रकरण की विवेचना सतत जारी है।

अब तक गिरफ्तार आरोपियों में दौजी भील पिता शंकर भील, जिला दौसा (राजस्थान), सुनीता भील पत्नी दौजी, जिला दौसा (राजस्थान), बनीराम मोंगिया पिता सौजी मोंगिया, नरवर जिला शिवपुरी, नरेश उर्फ कल्लू पिता हरज्ञान मोंगिया, कोलारस जिला शिवपुरी, राजाराम मोंगिया, जिला टोक (राजस्थान), सौजीराम मोंगिया पिता जमुना मोंगिया, नरवर जिला शिवपुरी, बृजमोहन मोंगिया पिता नन्दकिशोर, पोहरी जिला शिवपुरी शामिल है।

One response to “बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के अवैध शिकार में शामिल अंतर्राज्यीय गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *